40 साल बाद ओआईसी मेंबर्स मीटिंग की मेजबानी करेगा भारत; 2023 में मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में होगा आयोजन

तीन साल बाद यानी 2023 में भारत इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (आईओसी) की मेंबर्स मीटिंग की मेजबानी करेगा। यह आयोजन मुंबई के रिलायंस जियो वर्ल्ड सेंटर में होगा। खास बात ये है कि 1983 के बाद यह पहला मौका होगा जब भारत आईओसी मेंबर्स मीटिंग होस्ट करने की जिम्मेदारी दी गई। 37 साल पहले नई दिल्ली में यह मीटिंग हुई थी। 
आईओसी प्रेसिडेंट थॉमस बैश ने यह जानकारी दी। थॉमस के मुताबिक, भारत को इसलिए चुना गया क्योंकि यह दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। भारत की इकॉनमी भी दुनिया में छठवें नंबर पर है


आईओसी टीम ने अक्टूबर मे किया था दौरा
आईओसी की एक टीम अक्टूबर में भारत आई थी। इस दौरान मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में इसने मीटिंग के लिए सुविधाओं का जायजा लिया। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद आईओसी ने सदस्य देशों की बैठक भारत में आयोजित करने का फैसला किया। इसके पहले जुलाई 2020 में टोक्यो में इस बैठक का आयोजन प्रस्तावित है। 


भारत में बहुत संभवनाएं
आईओसी प्रेसिडेंट ने कहा, “भारत को मेंबर्स मीटिंग के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि वो दूसरा सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। ये युवाओं का देश है और यहां ओलिंपिक खेलों की काफी संभावनाएं हैं। हम नेशनल ओलिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के जरिए भारत में खेलों को प्रोत्साहन और मदद देना चाहते हैं।” मुंबई में होने वाली मीटिंग के फैसले की आधिकारिक घोषणा जुलाई में टोक्यो में आईओसी बयान के जरिए करेगा।


 


109 सदस्य आएंगे
आईओसी मेंबर्स कमेटी में कुल 109 सदस्य हैं। खास बात ये भी है कि 2023 में ही भारत अपनी आजादी की 75वीं सालगिरह मनाएगा। ओलिंपिक कमेटी इस मौके के यादगार बनाना चाहती है। उसका मानना है कि भारत में खेलों के विकास की तमाम संभावनाएं मौजूद हैं। भारत ने इस मीटिंग के लिए प्रस्ताव पिछले साल दिया था। इतना ही नहीं, भारत ने 2032 के ओलिंपिक खेलों की मेजबानी का भी दावा प्रस्तुत किया था। हालांकि, मेजबानी मिलना मुश्किल है। इसके कई कारण हैं। हाल के दिनों में एनबीए और यूरोपियन फुटबॉल से जुड़े कुछ स्पोर्ट्स इवेंट्स भारत में आयोजित किए जा चुके हैं। आईओसी के मुताबिक, भारत दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है। यहां की कुल आबादी में 35 साल से कम युवाओं की संख्या करीब 60 फीसदी है।